लखनऊ में दो दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला, 7 राज्यों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

 

DDU-GKY 2.0 और RSETI 2.0 के क्रियान्वयन पर होगा मंथन

योगी सरकार युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध – मंत्री कपिल देव अग्रवाल

लखनऊ। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) के मार्गदर्शन में ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा 16 एवं 17 फरवरी 2026 को गोमती नगर स्थित होटल सेंट्रम, लखनऊ में दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला-सह-प्री-ईसी बैठक आयोजित की जा रही है। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश सहित लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, बिहार एवं झारखंड के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY 2.0) एवं आरएसईटीआई (RSETI 2.0) के आगामी चरण को प्रभावी रूप से लागू करने की रणनीति तैयार करना है। इसमें वर्ष 2026 की वार्षिक कार्ययोजना (AAP) पर चर्चा करते हुए कौशल प्रशिक्षण के लक्ष्यों का निर्धारण किया जाएगा तथा ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने के प्रभावी मॉडल पर विचार-विमर्श होगा।

इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव (कौशल) द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के एसआरएलएम, एसएसडीएम के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी, बैंकिंग सेक्टर से जुड़े आरसेटीआई लीड बैंक प्रतिनिधि तथा एनएआर, एनएसीईआर और एनआईसी के विशेषज्ञ सहभागी होंगे।

मंत्री अग्रवाल ने बताया कि योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को कौशल, रोजगार और उद्यमशीलता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह कार्यशाला राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने, कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *