15 अप्रैल तक होंगे नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स यूपी कार्यकारिणी चुनाव

प्रमोद गोस्वामी, अशोक शुक्ला बनाए गए निर्वाचन अधिकारी, डालीबाग में हुई महत्वपूर्ण बैठक

लखनऊ। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक  डालीबाग स्थित वरिष्ठ संरक्षक सुरेंद्र दुबे के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने की।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी के चुनाव आगामी 15 अप्रैल 2026 तक संपन्न करा लिए जाएंगे। संगठन की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी को चुनाव का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया। उन्हें चुनाव कार्यक्रम तय करने और उसे शीघ्र घोषित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया गया कि चुनाव कार्यक्रम जल्द ही जारी कर दिया जाएगा, जिससे संगठन के सभी सदस्य समय रहते अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

इस अवसर पर संगठन की मजबूती, विस्तार एवं पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर अपने विचार रखे।

बैठक में सुरेंद्र दुबे, प्रमोद गोस्वामी, वीरेंद्र सक्सेना, गोलेश स्वामी, अरुण अवस्थी, आशीष मौर्य, पद्माकर पाण्डेय , अशोक शुक्ला, अनुपम पाण्डेय सहित लखीमपुर की नवगठित इकाई के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *