

युवा पत्रकारों को वरिष्ठों से सीखने और तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता करने का आह्वान • चाटुकारिता से बचने की सलाह • वरिष्ठ पत्रकार एनयूजे से जुड़े • युवा पत्रकारों के लिए विशेष कार्यशाला का निर्णय
लखनऊ। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक कमेटी के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद गोस्वामी के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, युवा पत्रकारों की भूमिका, पत्रकारिता के उच्च मानदंड, अध्ययन एवं तथ्यपरक लेखन तथा शासन-प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के संरक्षक वीरेन्द्र सक्सेना ने कहा कि बदलते सामाजिक एवं तकनीकी परिवेश में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। युवा पत्रकारों को केवल समाचार संकलन और प्रकाशन तक सीमित न रहकर पत्रकारिता के मूल्यों, तथ्यों की विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि युवा पत्रकारों को इस तरह तैयार किया जाना चाहिए कि वे शासन-प्रशासन के साथ बेहतर सामंजस्य रखते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने ला सकें।
कमेटी के संयोजक प्रमोद गोस्वामी ने अपने पत्रकारिता अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक पत्रकार के लिए जितना लिखना जरूरी है, उतना ही पढ़ना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा, “जितना अधिक पढ़ेंगे, उतना ही अधिक और अधिकारपूर्वक लिख सकेंगे।” उन्होंने युवा पत्रकारों को समाचार के प्रत्येक पहलू को समझने, तथ्यों की पड़ताल करने और वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव से सीखने की सलाह दी।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र दुबे ने कहा कि पत्रकारिता में प्रतिष्ठा और सम्मान हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग मेहनत कम करना चाहते हैं और सम्मान अधिक पाना चाहते हैं, लेकिन पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार क्षेत्र में यह संभव नहीं है। युवा पत्रकारों को श्रम, अध्ययन और लेखन को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी विषय को समझने में कठिनाई हो तो युवा पत्रकारों को अपने वरिष्ठों से सवाल पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए। संगठन के वरिष्ठ पत्रकार युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं।
चाटुकारिता से बचें, अपनी गरिमा और पहचान बनाएं : अनुपम पाण्डेय
प्रदेश सचिव अनुपम पाण्डेय ने युवा पत्रकारों को पत्रकारिता की गरिमा और स्वतंत्रता बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि पत्रकारों को चाटुकारिता से बचना चाहिए। पत्रकार की पहचान किसी व्यक्ति, अधिकारी अथवा संस्था की खुशामद से नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्षता, निर्भीकता, अध्ययनशीलता और तथ्यपरक लेखन से बनती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार को अपनी व्यक्तिगत गरिमा और पत्रकारिता की प्रतिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा संस्था के संपर्क में रहते हुए पत्रकार को अपने पेशेवर दायित्व और निष्पक्षता से समझौता नहीं करना चाहिए।
अनुपम पाण्डेय ने कहा कि युवा पत्रकार सम्मान मांगने के बजाय अपने कार्य से सम्मान अर्जित करें। पत्रकारिता में दीर्घकालीन पहचान बनाने के लिए निरंतर अध्ययन, तथ्यों की पुष्टि, स्पष्ट एवं संतुलित लेखन तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी जरूरी है।
उन्होंने युवा पत्रकारों से कहा कि खबर को जल्दबाजी में प्रकाशित करने के बजाय उसकी विश्वसनीयता और तथ्यात्मकता को प्राथमिकता दें। वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव से सीखते हुए अपनी स्वतंत्र पत्रकारिता की पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि “पत्रकार की कलम की ताकत उसकी स्वतंत्र सोच, सत्य के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के प्रति जवाबदेही में होती है।”
वरिष्ठ पत्रकारों ने ग्रहण की एनयूजे की सदस्यता
बैठक में संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में वरिष्ठ पत्रकारों ने एनयूजे की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालों में वरिष्ठ पत्रकार प्रभात रंजन दीन, के. बक्श सिंह, वरिष्ठ फोटोग्राफर इंद्रेश रस्तोगी, राकेश कुमार सिंह तथा दीपक सिंह शामिल रहे।
बैठक में के. बक्श सिंह की एनयूजे में वापसी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना गया। उनकी वापसी से संगठन को वरिष्ठ पत्रकारिता के अनुभव और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।
युवा पत्रकारों के लिए विशेष कार्यशाला
बैठक में युवा पत्रकारों को समाचार लेखन में अधिक प्रभावी, तथ्यपरक और धारदार बनाने के उद्देश्य से विशेष पत्रकारिता कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्तावित कार्यशाला वरिष्ठ पत्रकार प्रभात रंजन दीन के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला में युवा पत्रकारों को समाचार की संरचना, तथ्यों की पुष्टि, विषय की गहराई में जाने, प्रभावी शीर्षक एवं समाचार लेखन तथा पत्रकारिता की जिम्मेदारियों से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा।
प्रदेश कमेटी में नई नियुक्तियां
बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के तहत वरिष्ठ पत्रकार शेखर पंडित एवं अशोक कुमार शुक्ला को प्रदेश कमेटी में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई। वहीं वरिष्ठ पत्रकार लखन लाल मिश्र को प्रदेश की एक्जीक्यूटिव कमेटी का सदस्य घोषित किया गया।

बैठक में लखनऊ इकाई के अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य, कोषाध्यक्ष सुनील मिश्र, उपाध्यक्ष पूनम सिंह, अश्वनी जायसवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता, गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने के लिए अनुभवी पत्रकारों के मार्गदर्शन में युवा पत्रकारों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
एनयूजे की प्रदेश कमेटी ने पत्रकारों के हितों के साथ-साथ जनपक्षधर, तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।