शहीद दिवस पर निकाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली

 

लखनऊ। महात्मा गांधी शहीद दिवस के अवसर पर सुभाष चंद्र बोस इंस्टीट्यूट ऑफ़ हायर एजुकेशन, प्रबंधन नगर, लखनऊ द्वारा एक प्रभावशाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा आम जनमानस में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुमित मिश्रा, यातायात सुरक्षा विशेषज्ञ, ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क रहे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में अनीता मौर्य – ए.आर.टी.ओ. टैक्स, शैलेश पांडेय – टी.आई. अलीगंज और सूर्य प्रताप देव – पी.टी.ओ. उपस्थित रहे। यह आयोजन संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुधा मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. ममता मिश्रा, डॉ. मोनिका मिश्रा, डॉ. कल्पना मिश्रा, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी डॉ. आर. वी. सिंह, शिखा गुप्ता, रतेंद्र सिंह, आशीष दास, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव एवं अनामिका की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, उनकी पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। अपने प्रेरक संबोधन में मुख्य अतिथि सुमित मिश्रा ने सड़क सुरक्षा के महत्व, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा समाज को भी जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है, जो गांधीजी के अहिंसा, अनुशासन और उत्तरदायित्व के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारती है।

रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रेरक नारों एवं संदेशों से सजी तख्तियां हाथों में लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। रैली ने आसपास के क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा यातायात नियमों के पालन का सशक्त संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल महात्मा गांधी की स्मृति को नमन करने का सशक्त माध्यम बना, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति युवाओं की जागरूक भागीदारी का भी प्रेरक उदाहरण सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *